अहमदाबाद में भीषण विमान दुर्घटना

      अहमदाबाद में भीषण विमान दुर्घटना

 

क्रैश होते ही बिखर गई ज़िंदगियाँ – अहमदाबाद में भीषण विमान दुर्घटना

242 यात्रियों को लेकर उड़ान भरते ही क्रैश हुआ एयर इंडिया का विमान, 100 मौतों की आशंका

अहमदाबाद (जेएनएन)।
अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान VT-ANB (Boeing 787) आज दोपहर एक भीषण हादसे का शिकार हो गया। फ्लाइट नंबर AI171 ने सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन महज 5 मिनट बाद यह विमान मेघानी नगर के रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

दुर्घटना के तुरंत बाद कई किलोमीटर तक धुएं का घना गुबार देखा गया। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 169 भारतीय और शेष विदेशी नागरिक शामिल थे – जिनमें 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई यात्री बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 100 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

विमान के मुख्य पायलट कैप्टन सुमीत सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर के अलावा, 10 क्रू मेंबर्स भी फ्लाइट में मौजूद थे। हादसे की जानकारी मिलते ही अहमदाबाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की पांच से अधिक दमकल गाड़ियाँ घटनास्थल पर भेजी गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल घायलों से मिलने असरवा सिविल अस्पताल पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे को लेकर जानकारी ली है।

DGCA और एयर इंडिया द्वारा हादसे के कारण की जांच शुरू कर दी गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि यह दुर्घटना नियमित उड़ान संचालन के दौरान हुई और तकनीकी टीम स्थिति का आकलन कर रही है। आधिकारिक रूप से विमान को हुए नुकसान और हादसे के पीछे की वजह की पुष्टि फिलहाल बाकी है।

यह हादसा न केवल गुजरात बल्कि पूरे देश के लिए गहरा आघात है। राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जा रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

Seedhi Raftar
Author: Seedhi Raftar

Leave a Comment